बलुआना (फाजिल्का):
पंजाब के सीमावर्ती विधानसभा क्षेत्र बलुआना में आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर जमीनी कार्यकर्ताओं की नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है। पार्टी संगठन को खड़ा करने वाले निष्ठावान कार्यकर्ताओं, नेताओं और निर्वाचित सरपंचों की कथित अनदेखी को लेकर अमरपुरा निवासी सक्रिय नेता जगदीश कुमार सांगवाल ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने उपेक्षित कार्यकर्ताओं की आवाज को सीधे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने के लिए एक विशेष चंडीगढ़ कूच का ऐलान किया है।
'वफादार सिपाहियों का मान-सम्मान सर्वोपरि'
जगदीश कुमार सांगवाल ने बलुआना हलके के सभी वफादार सिपाहियों, पंचायत प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से खुला आह्वान करते हुए कहा कि जिन्होंने दिन-रात एक करके पार्टी का परचम लहराया, आज यदि उनके जायज काम नहीं हो रहे हैं या स्थानीय स्तर पर उनकी उपेक्षा की जा रही है, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा, "पार्टी को जमीनी स्तर से सत्ता तक पहुंचाने वाले कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान हर हाल में सुरक्षित रखा जाएगा।"
शीर्ष नेतृत्व से तय करवाई जा रही सीधी बैठक
सांगवाल ने जानकारी दी कि चंडीगढ़ में पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के माध्यम से कार्यकर्ताओं का सीधा संवाद आयोजित कराया जा रहा है। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया, प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा और राजवीर घुम्मण से करवाई जाएगी। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर आ रही समस्याओं, विकास कार्यों में हो रही रुकावटों और कार्यकर्ताओं की शिकायतों का स्थायी समाधान निकालना है।
यातायात, भोजन और ठहरने की व्यवस्था रहेगी पूरी तरह निःशुल्क
कार्यकर्ताओं की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए सांगवाल ने स्पष्ट किया कि बलुआना से चंडीगढ़ जाने वाले सभी साथियों के लिए लग्जरी एसी बस, उच्च स्तरीय खान-पान और होटल में ठहरने की संपूर्ण व्यवस्था उनकी ओर से पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। यात्रा की निश्चित तिथि और समय की घोषणा जल्द ही कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर की जाएगी।
हलके में सांगवाल के इस कदम के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और इसे जमीनी कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान की बहाली से जोड़कर देखा जा रहा है।
Sandeep Bishnoi