अबोहर: उपमंडल की तहसील अबोहर के अंतर्गत आने वाले गांव महराजपुर में हुई भयंकर ओलावृष्टि ने किसानों की सालभर की मेहनत पर पानी फेर दिया है। कुदरत की इस मार से इलाके के किसानों के हालात बेहद गंभीर हो चुके हैं। ओलावृष्टि के कारण क्षेत्र में आम और अन्य फलों के बागों के साथ-साथ धान (झोंना), ग्वार और मूंग की खड़ी फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई हैं।
अन्नदाताओं का कहना है कि उन्होंने स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय पटवारियों और प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई भी उनकी सुध लेने या दर्द सुनने को तैयार नहीं है। किसानों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि संकट की इस घड़ी में भी प्रशासन उनकी सुध नहीं ले रहा है।
प्रभावित किसानों और स्थानीय लोगों ने सरकार और उसके नुमाइंदों से जोरदार अपील की है कि वे जल्द से जल्द इस गंभीर स्थिति का संज्ञान लें, गांवों में पहुंचकर नुकसान का जायजा लें और पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा व राहत प्रदान करें।