नई दिल्ली / सिंगापुर। दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स को लेकर छिड़ा विवाद अब और गहरा गया है। 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' (WSJ) की एक ताजा खोजी रिपोर्ट ने खुलासा किया है कि अमेरिकी सरकार के कड़े निर्यात प्रतिबंधों (US Export Controls) के बावजूद, सिंगापुर और मलेशिया के रास्ते करोड़ों रुपये के हाई-टेक AI सर्वर गुपचुप तरीके से चीन पहुंचाए गए। इस पूरे खेल में सिंगापुर की कंपनी 'मेगास्पीड' (Megaspeed) की पूर्व निदेशक एलिस हुआंग के साथ-साथ एक नए मास्टरमाइंड ली मिंग (Li Ming) का नाम सामने आया है।
कौन है पर्दे के पीछे का मास्टरमाइंड ली मिंग? अब तक इस विवाद में एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसेन हुआंग की कथित पार्टनर एलिस हुआंग का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में था। लेकिन नई रिपोर्ट बताती है कि एलिस इस नेटवर्क का सिर्फ एक सार्वजनिक चेहरा थीं, जबकि पर्दे के पीछे असली कमान 52 वर्षीय चीनी कारोबारी ली मिंग के हाथों में थी। ली मिंग सिंगापुर में रहकर एनवीडिया चिप्स से लैस कंप्यूटर सर्वर की खरीद-फरोख्त करने वाली कई शेल कंपनियों का संचालन कर रहा था। फरवरी 2025 में सिंगापुर प्रशासन ने उस पर धोखाधड़ी का केस भी दर्ज किया था। वह फिलहाल जमानत पर बाहर है और सिंगापुर में चीनी दूतावास के पास एक आलीशान विला में रहता है।
सिंगापुर से मलेशिया और फिर चीन: ऐसे काम करता था तस्करी का जाल जांच और कॉर्पोरेट रिकॉर्ड्स के मुताबिक, यह नेटवर्क बेहद शातिर तरीके से अमेरिकी सप्लायरों और जांच एजेंसियों की आंखों में धूल झोंक रहा था:
फर्जी खरीदारी का झांसा: ली मिंग ने 'लक्ज़रीएट योर लाइफ' (Luxuriate Your Life) जैसी स्थानीय कंपनियों के नाम पर अमेरिकी सप्लायरों से एनवीडिया चिप वाले सर्वर खरीदे और दावा किया कि इनका इस्तेमाल सिंगापुर में ही होगा।
मलेशिया के जरिए रूट डायवर्जन: सिंगापुर पहुंचने के बाद इन सर्वरों को पड़ोसी देश मलेशिया भेज दिया गया और वहां से गुपचुप तरीके से चीन की कंपनियों तक पहुंचाया गया।
मेगास्पीड और अलीबाबा का कनेक्शन: ली मिंग ने एलिस हुआंग और उनके पति कांग वेई के साथ मिलकर एक चीनी वीडियो गेम कंपनी की सिंगापुर इकाई खरीदी और उसका नाम बदलकर 'मेगास्पीड' रखा। नवंबर 2023 में कंपनी ने चीनी टेक दिग्गज 'अलीबाबा' को अपना मुख्य ग्राहक बताकर एनवीडिया के क्लाउड पार्टनर प्रोग्राम में एंट्री हासिल की, जिससे उसे सबसे एडवांस चिप्स खरीदने की प्राथमिकता मिल गई।
प्रतिबंध के बाद 'नोवागेट क्लाउड' के नाम से नया वेंचर अमेरिकी और सिंगापुर एजेंसियों की जांच तेज होने पर जून 2025 में एनवीडिया ने 'मेगास्पीड' को अपनी 'नो-सेल' (No-Sell) ब्लैकलिस्ट में डाल दिया और अगस्त 2025 में सिंगापुर ने एलिस हुआंग को देश से निष्कासित कर दिया। हालांकि, रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मेगास्पीड के बंद होने के बाद इसी टीम ने अब 'नोवागेट क्लाउड' (Novagate Cloud) नाम से एक नया वेंचर शुरू कर दिया है, जो एनवीडिया की अत्याधुनिक 'ब्लैकवेल' (Blackwell) चिप्स का इस्तेमाल कर डेटा सेंटर चलाने का दावा कर रहा है।
अमेरिका ने कसा शिकंजा, 12 देशों पर नए नियम लागू तीसरे देशों के डेटा सेंटरों के जरिए चीन को मिल रही इस तकनीकी मदद को रोकने के लिए अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने भी सख्त कदम उठाया है। अमेरिका ने अब सिंगापुर, मलेशिया, थाईलैंड, इंडोनेशिया और ब्राजील समेत कई देशों में एडवांस AI चिप्स के निर्यात के लिए विशेष सरकारी लाइसेंस अनिवार्य कर दिया है।