चंडीगढ़: पंजाब की राजनीति में कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा और आम आदमी पार्टी की नेत्री गायत्री बिश्नोई के बीच जुबानी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। सुखपाल सिंह खैरा ने एक बार फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर गायत्री बिश्नोई और सत्ताधारी दल पर तीखा हमला बोला है।
'विवाद शांत करने के लिए रची जा रही पटकथा' प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सुखपाल सिंह खैरा ने दावा किया कि उन्हें पुख्ता जानकारी मिली है कि पिछले दिनों उपजे सियासी विवाद को दबाने और मामले को रफा-दफा करने के लिए गायत्री बिश्नोई की सगाई पंजाब के एक कैबिनेट मंत्री के बेटे के साथ तय की जा रही है। खैरा ने कहा कि सियासी नुकसान से बचने के लिए यह पूरी पटकथा तैयार की गई है।
'अगर ऐसा हुआ तो बेहद शर्मनाक' खैरा ने आगे कहा कि अगर विवादों पर पर्दा डालने के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं, तो यह राजनीति और समाज के लिए बेहद शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि असल मुद्दों और पिछले आरोपों से ध्यान भटकाने के लिए यह सब किया जा रहा है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से दोनों पक्षों के बीच लगातार बयानबाजी और तीखे आरोप-प्रत्यारोप चल रहे हैं, जिससे पंजाब का सियासी पारा गरमाया हुआ है। खैरा के इस नए दावे के बाद अब सबकी निगाहें आम आदमी पार्टी और गायत्री बिश्नोई के पलटवार पर टिकी हैं।